घर में सो रहे दो भाई को हाथी ने कुचला मौके पर मौत
1 min readजशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में हाथियों के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। शुक्रवार रात को तपकरा वन परिक्षेत्र के ग्राम केरसई में पांच हाथियों का एक दल आया और एक ग्रामीण के घर पर हमला कर दिया। इस हमले में घर में सो रहे दो भाई, कोकड़े (45 वर्ष) और पड़वा, की मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई।
वन विभाग की टीम और पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जशपुर DFO जितेन्द्र उपाध्याय भी मौके पर मौजूद थे। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है और आस-पास के सभी गांवों में मुनादी करवाई जा रही है।
जशपुर जिले में नौ हाथियों का दल मौजूद है, जिसमें से पांच हाथियों का एक दल तपकरा वन परिक्षेत्र में और चार हाथियों का दूसरा दल कांसाबेल के आसपास विचरण कर रहा है। ये हाथी ग्रामीण क्षेत्रों में घुसकर घरों को तोड़ रहे हैं और फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हाथियों के हमलों के कारण ग्रामीणों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। वन विभाग और राज्य सरकार द्वारा अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना और बढ़ रही है।


