May 31, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

श्री हरि विष्णु नाम यज्ञ संकीर्तन में शामिल हुईं आरती सिंह, क्षेत्र की खुशहाली की कामना

Spread the love

श्री हरि विष्णु नाम यज्ञ संकीर्तन में शामिल हुईं आरती सिंह, क्षेत्र की खुशहाली की कामना
पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गोर्रापारा एवं दीवनपुर में महाकुल समाज द्वारा आयोजित श्री हरि विष्णु नाम यज्ञ अखंड संकीर्तन (चौबीस प्रहरी) कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। इस भव्य धार्मिक आयोजन में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री श्रीमती आरती सिंह विशेष रूप से शामिल हुईं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान आरती सिंह ने राधा-कृष्ण एवं चैतन्य महाप्रभु स्वामी की आराधना कर समाज में शांति, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज में एकता और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष कुलविंदर सिंह भाटिया, जिला उपाध्यक्ष हरगोविंद अग्रवाल, आईटी सेल अध्यक्ष मयंक रोहिल्ला सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नेता उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में समाज के लोग, श्रद्धालु, महिलाएं और युवा भक्तगण संकीर्तन में शामिल होकर भक्ति रस में डूबे नजर आए।
चौबीस घंटे चलने वाले इस अखंड संकीर्तन में भजन-कीर्तन, हरिनाम जाप और धार्मिक प्रवचनों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। “हरि नाम” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालुओं में अद्भुत उत्साह देखने को मिला।
आयोजन के अंत में महाप्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज को जोड़ने और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का भी माध्यम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.