दिनदहाड़े महिला की हत्या से सनसनी, शूटरों के मिले सुराग; आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें रवाना
1 min read
दिनदहाड़े महिला की हत्या से सनसनी, शूटरों के मिले सुराग; आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें रवाना
शक्ति। जिले के ग्राम पंचायत जोगरा में 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना 26 जून की सुबह करीब 11:30 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से गांव पहुंचे और पूर्णिमा चौहान का घर पूछते हुए वहां पहुंचे। एक युवक बाइक पर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा घर के अंदर गया और दवाई लेने की बात कहकर बैठ गया। कुछ ही क्षण बाद उसने पूर्णिमा पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल 112 को सूचना दी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शक्ति पुलिस अधीक्षक आईपीएस प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण प्रारंभिक सुराग मिले हैं और विशेष टीमें उनकी तलाश में रवाना हो चुकी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू से जांच कर हत्या के पीछे की साजिश और मकसद का पता लगाने में जुटी है।
