June 24, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टाटा सुमो से 5 गौवंश मुक्त, फरार गौ तस्कर गिरफ्तार

1 min read
Spread the love

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टाटा सुमो से 5 गौवंश मुक्त, फरार गौ तस्कर गिरफ्तार

पत्थलगांव जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौ तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने एक टाटा सुमो गोल्ड वाहन से तस्करी कर ले जाए जा रहे 5 गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया है। वहीं, एक अन्य मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गौ तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा सुमो गोल्ड वाहन में पीछे की सीट निकालकर गौवंशों को बेरहमी से भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरटीओ बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
जशपुर की ओर से आ रहे संदिग्ध वाहन क्रमांक CG-07-AN-1089 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद ग्राम पीड़ी मार्ग स्थित झाबू नदी पुल के पास आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने पाया कि उसमें 5 गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले में थाना लोदाम में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इसी दौरान लोदाम पुलिस ने गौ तस्करी के एक पुराने मामले में फरार आरोपी महबूब शाह उर्फ हगन महबूब उर्फ लकड़ बाबा (30 वर्ष), निवासी साईं टांगर टोली थाना लोदाम जिला जशपुर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी फरवरी 2026 में ग्राम कोनबीरा जंगल क्षेत्र में पकड़े गए गौ तस्करी प्रकरण में शामिल था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक राजू लकड़ा, सुरेंद्र राम और बसंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और “ऑपरेशन शंखनाद” आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.