तमनार ब्लाक के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. फणीन्द्रनाथ पटनायक का निधन पत्रकार जगत में शोक की लहर

तमनार ब्लाक के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. फणीन्द्रनाथ पटनायक का निधन पत्रकार जगत में शोक की लहर
रायगढ़। तमनार ब्लाक के वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रखर व्यक्तित्व डॉ. फणीन्द्रनाथ पटनायक का दिनांक 23 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 8 बजे निधन हो गया। वे स्व. क्षमानिधी पटनायक के सुपुत्र थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पूरे पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई और क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
डॉ. पटनायक लंबे समय से दैनिक रायगढ़ अंचल से जुड़े हुए थे और अपनी निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने हमेशा आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी लेखनी में सच्चाई की ताकत और समाज के प्रति समर्पण साफ झलकता था।
उनके निधन से न केवल पत्रकारिता क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि सामाजिक और बौद्धिक जगत ने भी एक सशक्त आवाज खो दी है। वे सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सकारात्मक सोच के धनी थे, जिनका सभी वर्गों में विशेष सम्मान था।
डॉ. पटनायक के निधन पर क्षेत्र के पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। सभी ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 23 तारिख दोपहर 2 बजे रायगढ़ सर्किट हाउस स्थित मुक्ति धाम में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचें थे
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।
