दो आरक्षक गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार

जशपुर में गांजा तस्करी प्रकरण: दो आरक्षक निलंबित, विभागीय जांच शुरू
जशपुर जिले में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाने वाली कार्रवाई सामने आई है। 28 फरवरी को अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस विभाग के दो आरक्षकों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें 2 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर सूचना पर कोतवाली पुलिस ने विवेकानंद कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले रवि विश्वकर्मा के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान एक पेटी में रखे 24 पैकेट गांजा बरामद किए गए। पूछताछ में रवि विश्वकर्मा ने बताया कि उक्त गांजा गोविंद उर्फ सुनील द्वारा पैसे के एवज में उसके घर पर रखा गया था। इस मामले में थाना जशपुर में अपराध क्रमांक 74/26 धारा 20 (B) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी रवि विश्वकर्मा और सुनील भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
आरोपी गोविंद से कड़ी पूछताछ के दौरान थाना तपकरा में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 581 धीरेंद्र मधुकर (उम्र 37 वर्ष) एवं आरक्षक क्रमांक 392 अमित त्रिपाठी (उम्र 35 वर्ष) का नाम सामने आया। जांच में दोनों की गांजा तस्करी में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दोनों आरक्षकों को निलंबित कर विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
