June 17, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

किसान नेता एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लल्लू सिंह कांग्रेस से 6 वर्ष के लिए निष्कासित

1 min read
Spread the love

किसान नेता एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लल्लू सिंह कांग्रेस से 6 वर्ष के लिए निष्कासित
रायगढ़ – कांग्रेस पार्टी ने किसान नेता एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लल्लू सिंह को अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी की ओर से बताया गया कि लल्लू सिंह को दिनांक 01/12/2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में उन पर सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन एवं अधिकृत निर्णयों के विरुद्ध पार्टी विरोधी टिप्पणी एवं पोस्ट करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
नोटिस के माध्यम से उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था, ताकि तथ्यों की निष्पक्ष समीक्षा की जा सके। किंतु खेद के साथ यह सामने आया कि लल्लू सिंह द्वारा नोटिस दिनांक तक न तो कोई लिखित उत्तर दिया गया और न ही किसी प्रकार का स्पष्टीकरण पार्टी संगठन को उपलब्ध कराया गया।
पार्टी का कहना है कि यह आचरण न केवल संगठनात्मक निर्देशों की अवहेलना है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं अनुशासन के प्रति गंभीरता के अभाव को भी दर्शाता है। कांग्रेस एक अनुशासित संगठन है और पार्टी मंच व नेतृत्व के निर्णयों के विरुद्ध गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस पार्टी के संविधान एवं अनुशासन समिति के प्रावधानों के तहत, माननीय प्रदेश अध्यक्ष की अनुशंसा पर लल्लू सिंह को तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों एवं दायित्वों से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है। निष्कासन अवधि के दौरान वे किसी भी पार्टी कार्यक्रम या गतिविधि में भाग नहीं ले सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.