अल्ट्रा मैराथन में इतिहास रचने वाले उमेश काकिरवार को ओपी चौधरी ने दी बधाई, बताया युवाओं का प्रेरणास्रोत
1 min read
अल्ट्रा मैराथन में इतिहास रचने वाले उमेश काकिरवार को ओपी चौधरी ने दी बधाई, बताया युवाओं का प्रेरणास्रोत
रायपुर – छत्तीसगढ़ के युवा धावक उमेश काकिरवार, निवासी राजनांदगांव, ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित 2025 अल्ट्रा मैराथन में 90 किलोमीटर की दूरी 11 घंटे, 42 मिनट और 37 सेकंड में पूरी कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस अद्वितीय सफलता पर रायगढ़ विधायक एवं छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि उमेश काकिरवार छत्तीसगढ़ के पहले अल्ट्रा मैराथन फिनिशर बनकर न केवल राज्य, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रतिफल है, जो आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने आगे कहा कि उमेश जैसे युवाओं की उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि अगर लगन और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उमेश की यह सफलता न केवल खेल क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण है, बल्कि प्रदेश के हर युवा को अपने सपनों को साकार करने की दिशा में प्रेरित करती है। ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों पर प्रदेश को गर्व है।
