सेना के शौर्य को खरसिया पुलिस प्रशासन ने किया नमन, विधायक सहित जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
1 min read
सेना के शौर्य को खरसिया पुलिस प्रशासन ने किया नमन, विधायक सहित जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
खरसिया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम को सलामी देने हेतु आज शाम 5 बजे नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। खरसिया सिटी थाना से प्रारंभ हुई इस यात्रा में नगर विधायक उमेश पटेल, जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि रविन्द्र गवेल, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग सहित समस्त जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर सेना को नमन किया।
तिरंगा यात्रा भारत माता की जयकारों और जोशभरे नारों के साथ नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होती हुई पुनः सिटी थाना पहुंची। इस यात्रा में हर वर्ग और दल के लोगों ने देशभक्ति के रंग में रंगकर राजनीति से ऊपर उठकर भागीदारी निभाई। यात्रा के दौरान समूचा वातावरण देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, निरीक्षक अमित तिवारी, तहसीलदार लोमेश मिरी, नायब तहसीलदार काजल अग्रवाल सहित तमाम अधिकारीगण व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा और तिरंगे को सम्मानपूर्वक सलामी दी।
इस भव्य तिरंगा यात्रा के माध्यम से खरसियावासियों ने सेना के शौर्य को नमन करते हुए एकजुटता और देशप्रेम का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
