April 20, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

हजारों गुरु-शिष्यों का संगम बना अघोर गुरु ट्रस्ट बनोरा

Spread the love

हजारों गुरु-शिष्यों का संगम बना अघोर गुरु ट्रस्ट बनोरा

देश भर के विभिन्न राज्यों सहित छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों के भक्तों ने लिया बाबा प्रियदर्शी राम का दर्शन लाभ

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ के बनोरा में स्थित अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट में हजारों की संख्या में गुरु-शिष्यों का संगम हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने बाबा प्रियदर्शी राम जी का सानिध्य पाकर दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अघोरश्वर की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा।

सुबह से ही देश के आठ राज्यों और छत्तीसगढ़ के चौबीस जिलों से हजारों गुरु भक्तों ने बाबा प्रियदर्शी राम का दर्शन किया। भक्त कतार में लगकर बाबा के दर्शन पाकर गुरु-शिष्य परंपरा का पालन करते रहे। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान अघोर गुरु पीठ ब्रम्हनिष्ठालय को फूलों से सजाया गया था।

मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री ने निभाई गुरु-शिष्य परंपरा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गुरु बाबा प्रियदर्शी राम के दर्शन कर सनातन धर्म की गुरु-शिष्य परंपरा का पालन किया। दोनों ने भक्तों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और अघोरेश्वर भगवान विधा मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया। बाबा प्रियदर्शी ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया कि पुरखों के नाम पर वृक्षारोपण के लिए प्रदेश स्तर पर जमीन उपलब्ध कराई जाए, जिससे हर व्यक्ति का वृक्षों से भावनात्मक लगाव रहेगा।

अघोर गुरु पीठ ब्रम्हनिष्ठालय ने दिलाया छत्तीसगढ़ को गुरु प्रदेश का गौरव

देश के विभिन्न राज्यों से आए गुरु भक्तों ने बाबा प्रियदर्शी के चरणों में श्रद्धा निवेदित की। हजारों की संख्या में झारखंड, बिहार, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और छत्तीसगढ़ के जिलों से भक्त पहुंचे। इस अद्वितीय आयोजन से छत्तीसगढ़ को ‘गुरु प्रदेश’ का गौरव प्राप्त हुआ।

डभरा से आई 185 लोगों की टीम ने संभाली प्रसाद और भोजन वितरण की व्यवस्था

गुरु पूर्णिमा उत्सव के दौरान डभरा से आई 185 लोगों की टीम ने प्रसाद और भोजन वितरण की व्यवस्था संभाली। मनीष अग्रवाल और सुभाष अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने प्रातः 9 बजे से अपराह्न 2 बजे तक और फिर अपराह्न 11.30 बजे से 4 बजे तक भोजन वितरण किया। पिछले एक दशक से डभरा की यह टीम भोजन वितरण की जिम्मेदारी निभा रही है।

बाबा प्रियदर्शी राम के सत्संग के लिए जुटी हजारों की भीड़

अपराह्न 5 बजे बाबा प्रियदर्शी राम के सत्संग को सुनने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। बाबा के सत्संग से प्रेरणा पाकर अनेक लोगों ने मानव सेवा को माधव सेवा मानकर आत्मसात किया।

प्रबंधन ने व्यक्त किया आभार

प्रबंधन की ओर से त्यागी जी ने गुरु भक्तों के प्रति आभार व्यक्त किया और गुरु पूर्णिमा महोत्सव के सफल आयोजन हेतु प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद दिया।

Open Book

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.