April 15, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

यरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
रायगढ़। प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण को लेकर जिले के किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। छत्तीसगढ़ किसान सभा रायगढ़ के बैनर तले ग्राम जकेला में आसपास के कई गांवों के किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का कड़ा विरोध किया गया। बैठक में ग्राम औरदा, कोड़ातराई और बेलपाली के बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
बैठक में किसानों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें एयरपोर्ट की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि करीब 80 किलोमीटर की दूरी पर पहले से ही एयरपोर्ट मौजूद है, जिससे उनकी आवश्यकताएं पूरी हो जाती हैं। किसानों का कहना है कि सरकार यदि विकास के नाम पर उनकी उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण करती है, तो इससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खेती ही उनके जीवन-यापन का मुख्य साधन है। यदि उनकी जमीन ही उनसे छीन ली गई तो वे अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करेंगे। इस कारण किसान किसी भी कीमत पर अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि जिला प्रशासन या सरकार जबरन जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करती है, तो किसान सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। किसानों ने चेतावनी दी कि बिना उनकी सहमति के जमीन लेने की कोशिश की गई तो व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि उनकी भावनाओं और आजीविका को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के लिए कृषि भूमि का अधिग्रहण न किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा किसान आंदोलन खड़ा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

Open Book

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.