May 31, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

गैस सिलेंडर की किल्लत पर सियासत तेज, 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान

1 min read
Spread the love

गैस सिलेंडर की किल्लत पर सियासत तेज, 17 मार्च को विधानसभा घेराव का ऐलान

पत्थलगांव। छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और लगातार हो रही किल्लत को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस सचिव रत्ना पैकरा ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला करते हुए इसे आम जनता के खिलाफ फैसला बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में गैस की भारी कमी बनी हुई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्थलगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के गैस सिलेंडरों की कमी देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर रोजाना उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कई लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसियों के फोन भी नहीं लग रहे हैं और मजबूरी में कुछ लोगों को ब्लैक में सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
रत्ना पैकरा ने कहा कि जब सरकार बार-बार यह दावा करती है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर लोगों को इतनी परेशानी क्यों झेलनी पड़ रही है। उन्होंने इसे सरकार की नाकामी और वादा खिलाफी करार दिया। उन्होंने भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके उलट नजर आ रही है।
उन्होंने प्रदेश में अफीम की खेती, मनरेगा योजनाओं में बदलाव, बढ़ते अपराध, नशाखोरी, गैस सिलेंडर की कमी, कालाबाजारी, भ्रष्टाचार और बिजली दरों में बढ़ोतरी जैसे मुद्दों को भी गंभीर बताया। इन सभी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने 17 मार्च को विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया है।
बताया जा रहा है कि इस आंदोलन में जशपुर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक आम जनता से जुड़े इन मुद्दों का समाधान नहीं होता, तब तक पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.