June 13, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

मनहारी दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

1 min read
Spread the love

मनहारी दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

पत्थलगांव। क्षेत्र के ग्राम भाटामुड़ा में रविवार देर रात एक मनहारी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान के साथ लगा मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया।

जानकारी के अनुसार, गोडीकला पंचायत के भाटामुड़ा गांव निवासी दीपक यादव की मनहारी दुकान में रात लगभग 11 बजे के आसपास आग लगी। प्रारंभिक कारण बिजली के शार्ट सर्किट को माना जा रहा है। दुकानदार दीपक यादव ने बताया कि उन्होंने हमेशा की तरह शाम को दुकान बंद की और घर चले गए थे। कुछ देर बाद पास के दुकानदारों ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान से धुआं और लपटें उठ रही हैं। यह सुनते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने बाल्टी, मोटर पंप और अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन मनहारी सामान में आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन पत्थलगांव से दमकल वाहन आने में समय लग गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शटर तोड़कर आग बुझाई गई।

आग में दुकान का पूरा मनहारी सामान, बच्चों के खिलौने, प्लास्टिक सामग्री, खाने-पीने का सामान, कॉस्मेटिक और गल्ले में रखे नगद रुपये भी जलकर राख हो गए। दुकान के बाहर रखा कुछ घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि उनका लगभग कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद गांव वालों ने दीपक यादव को सांत्वना दी और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की। साथ ही स्थानीय लोगों ने सभी दुकानदारों से बिजली व्यवस्था और आग सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.