May 31, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 44 हजार की अवैध नशीली कफ सिरप जब्त, दो गिरफ्तार

1 min read
Spread the love

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 44 हजार की अवैध नशीली कफ सिरप जब्त, दो गिरफ्तार

पत्थलगांव जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आरघात के तहत नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्यवाही करते हुए कोतबा क्षेत्र से 44 हजार रुपये की कीमत की 228 शीशियाँ अवैध नशीली कफ सिरप बरामद की हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
कोतबा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी मनीष सिंह (34 वर्ष) निवासी कोतबा हाई स्कूल पारा एवं मो. शाहिद खान (28 वर्ष) निवासी ग्राम रोकबहार, गुमला (झारखंड) से नशीली कफ सिरप लाकर उसे लैलूंगा (जिला रायगढ़) में बेचने की फिराक में हैं। दोनों आरोपी हीरो होंडा मोटरसाइकिल (CG14 B 1267) में भारी मात्रा में प्रतिबंधित ऑनरेक्स कोडीन सिरप लेकर जा रहे थे।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम रोकबहार स्थित गांधी चौक के पास नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग प्रारंभ की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी लेने पर दो थैलों में छुपा कर रखी गई 228 शीशियाँ (लगभग 22.8 लीटर) कफ सिरप बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 44,000 रुपये से अधिक बताई जा रही है।
दोनों आरोपियों से जब कफ सिरप के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने कफ सिरप और मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह प्रतिबंधित सिरप गुमला (झारखंड) से लाकर जशपुर होते हुए रायगढ़ में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में कोतबा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश सिंह, एएसआई अपलेजर खेस, प्रधान आरक्षक अजय खेस, आरक्षक बूटा सिंह और पवन पैंकरा की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। “नशे के कारोबार में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा,।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.