May 31, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

तिलडेगा में अच्छी वर्षा के लिए इंद्रदेव और ग्राम देवी-देवताओं की पूजा संपन्न

1 min read
Spread the love

िलडेगा में अच्छी वर्षा के लिए इंद्रदेव और ग्राम देवी-देवताओं की पूजा संपन्न

पत्थलगांव।
तिलडेगा पंचायत में ग्रामवासियों ने परंपरागत सनातन संस्कृति का निर्वहन करते हुए गुरुवार को अच्छी वर्षा और समृद्ध फसल के लिए देवराज इंद्र और ग्राम देवी-देवताओं की विधिपूर्वक पूजा की। यह आयोजन खेतों में बोआई से पहले हर वर्ष किया जाता है, जिसमें ग्रामीण आस्था और एकता का सुंदर स्वरूप देखने को मिला।

स्थानीय मान्यता है कि देवी-देवताओं और इंद्रदेव के आशीर्वाद से ही समय पर वर्षा होती है, जिससे बीज अंकुरित होते हैं और फसल अच्छी होती है। इस परंपरा का पालन आदिकाल से किया जाता रहा है। तिलडेगा पंचायत के सरना स्थल और शिव मंदिर में गुरुवार सुबह 9 बजे बैगा, पुजारी और ग्रामीणों ने मिलकर पूजा-अर्चना की।

सरना पूजा का नेतृत्व बैगा ठक्कर सिह सिदार, गौटिया दखल साय, और अन्य वरिष्ठ ग्रामीणों ने किया। महादेव सरना में विशेष अनुष्ठान के दौरान नारियल, फूल, हवन सामग्री और पारंपरिक विधियों से पूजा संपन्न हुई। पूजा के बाद सामूहिक आशीर्वाद लेकर सभी ने वर्षा और फसल की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर सरपंच घनश्याम सिदार, उपसरपंच पूनम अंबस्थ, श्याम साय सिदार, घसिया भोय, राम चंद्रिका दास, गुलाब सिदार, अलम साय, सगुन दास, देवनारायण सहित सैकड़ों ग्रामीण श्रद्धा और आस्था के साथ उपस्थित रहे।

पूजन कार्यक्रम न केवल कृषि समृद्धि के लिए आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि यह ग्राम्य संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक एकता का परिचायक भी बना। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इंद्रदेव प्रसन्न होकर इस वर्ष भरपूर वर्षा देंगे और गांव में सुख-शांति बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.