July 31, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कलेक्ट्रेट का बाबू गिरफ्तार, सर्पदंश मुआवजे के नाम पर वसूली का खेल बेनकाब

1 min read
Spread the love

रायगढ़ – 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कलेक्ट्रेट का बाबू गिरफ्तार, सर्पदंश मुआवजे के नाम पर वसूली का खेल बेनकाब
रायगढ़। रायगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा के बाबू राजकुमार सिदार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सर्पदंश से मृत महिला के परिजनों को मिलने वाली सरकारी मुआवजा राशि जारी कराने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, पुसौर तहसील के ग्राम बुलाकी निवासी विजय सिदार की पत्नी रामकुमारी सिदार की वर्ष 2023 में सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। शासन की योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए विजय ने राजस्व विभाग में आवेदन किया था, लेकिन मामला लंबे समय से कलेक्ट्रेट में लंबित था।
पीड़ित जब राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा के बाबू राजकुमार सिदार से मिला, तो आरोपी ने मुआवजा राशि बैंक खाते में जारी कराने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इतना ही नहीं, मुआवजा मिलने के बाद भी अतिरिक्त 50 हजार रुपये देने की मांग की गई। परेशान होकर विजय सिदार ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के सत्यापन के बाद मंगलवार को एसीबी ने जाल बिछाया। आरोपी बाबू ने रिश्वत की गारंटी के रूप में हस्ताक्षर किया हुआ 50 हजार रुपये का चेक लिया, तभी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसी एक्ट) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हस्ताक्षरित चेक के माध्यम से रिश्वत लेने और उसी दौरान रंगे हाथ पकड़े जाने का यह अपने प्रकार का पहला मामला माना जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय में हड़कंप मच गया है और सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.