पत्थलगांव में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन मोदी का पुतला फूंका, नीट पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
1 min read
पत्थलगांव में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन मोदी का पुतला फूंका, नीट पेपर लीक और पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
पत्थलगांव। नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को पत्थलगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में इंदिरा गांधी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला छीनने को लेकर जमकर धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बन गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, लेकिन केंद्र सरकार जिम्मेदारी तय करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने में लगी है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री आरती सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को तत्काल पद छोड़ देना चाहिए। वहीं प्रदेश कांग्रेस सचिव रत्ना पैकरा ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि छात्रों और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में पुलिस कार्रवाई तथा संसद सत्र के दौरान प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च के समय नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने का भी विरोध जताया। उनका कहना था कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है।
प्रदर्शन में संयुक्त महामंत्री पवन अग्रवाल, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, प्रदेश सचिव मनोज तिवारी, जिला उपाध्यक्ष हरगोविंद अग्रवाल, कुलविंदर सिंह भाटिया, आईटी सेल अध्यक्ष मयंक रोहिल्ला, पार्षद जनार्दन पंकज, रितु टोप्पो, सरपंच घनश्याम सिदार, साध राम लकड़ा, खिती यादव, राहुल यादव, मीना यादव, धर्मेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा।

