छत्तीसगढ़ का शिमला’ बना बाइकर्स गैंग का अड्डा! तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर के शोर से कांपा मैनपाटसुकून की तलाश में पहुंचे पर्यटक हुए परेशान
1 min readछत्तीसगढ़ का शिमला’ बना बाइकर्स गैंग का अड्डा! तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर के शोर से कांपा मैनपाट
सुकून की तलाश में पहुंचे पर्यटक हुए परेशान, परिवारों ने उठाई कार्रवाई की मांग—”शांति बचाइए, स्टंटबाजों पर लगाम लगाइए”
पत्थलगांव छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट, जिसे अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और शांत वातावरण के कारण “छत्तीसगढ़ का शिमला” कहा जाता है, इन दिनों तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों के शोर से गूंज रहा है। सुकून और ठंडी वादियों का आनंद लेने आने वाले पर्यटकों को अब बाइकर्स गैंग के शोर-शराबे और लापरवाह राइडिंग का सामना करना पड़ रहा है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ युवक मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाकेदार आवाज के साथ सड़कों पर बाइक दौड़ाते हैं। कई बार ये बाइकर्स तेज रफ्तार में स्टंटबाजी जैसी हरकतें भी करते हैं, जिससे न सिर्फ पर्यटकों की शांति भंग होती है बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
परिवार के साथ घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि मैनपाट की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता और सुकून भरे माहौल से है, लेकिन कुछ युवकों की लापरवाही इस खूबसूरत पर्यटन स्थल की छवि को धूमिल कर रही है। लगातार गूंजती तेज आवाजें बच्चों, बुजुर्गों और अन्य पर्यटकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज रफ्तार और नियम तोड़ने वाले बाइकर्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मैनपाट की प्राकृतिक शांति और पर्यटन की गरिमा बनी रहे।
“वादियों में सुकून की तलाश… लेकिन गूंज रहा है मॉडिफाइड साइलेंसर का शोर! क्या मैनपाट की शांति बचा पाएगा प्रशासन?”
