July 16, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

552 किलो गांजा, 3 कारें जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; 1.20 करोड़ की कारवाई

1 min read
Spread the love

552 किलो गांजा, 3 कारें जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; 1.20 करोड़ की कारवाई

पत्थलगांव जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 552.16 किलोग्राम अवैध गांजा, तीन कारें और कुल 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो वाहनों के चालक पुलिस को चकमा देकर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कुनकुरी, बगीचा और नारायणपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।थाना कुनकुरी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर तपकरा-कुनकुरी मार्ग में नाकाबंदी कर एक इनोवा कार से 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। वाहन चालक पुलिस को देखकर कार छोड़कर जंगल में फरार हो गया। पुलिस ने गांजे के साथ करीब 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार भी जब्त कर ली।वहीं थाना बगीचा क्षेत्र में ब्रेजा और आर्टिगा कार से 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। ब्रेजा चालक फरार हो गया, जबकि आर्टिगा में सवार दो आरोपी सचिन्द्र राउत (29 वर्ष) एवं मोहम्मद समीर (26 वर्ष), दोनों निवासी जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा), को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने गांजा तस्करों के लिए रेकी करने की बात स्वीकार की है।दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुल 552.16 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 82.82 लाख रुपये, तथा इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा सहित तीन वाहन (कीमत लगभग 38 लाख रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्ती 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये की है।इस पूरी कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम ब्रांच) भावेश समरथ, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव, थाना प्रभारी नारायणपुर निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक गौरव पांडे, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव तथा थाना कुनकुरी, नारायणपुर एवं बगीचा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जशपुर जिले में नशे के खिलाफ अभियान के तहत 1269.071 किलोग्राम गांजा, 1840 कफ सिरप, 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर, 130 गांजा पौधे और 875 नशीले इंजेक्शन जब्त किए जा चुके हैं। इस दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहन भी जब्त किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.