छत्तीसगढ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति अरूप कुमार गोस्वामी का जिला अधिवक्ता संघ, रायगढ़ ने किया जोरदार स्वागत
1 min read
मुख्य न्यायाधिपति को अपने बीच पाकर संघ के सदस्यों में अभूतपूर्व उत्साह का संचार हुआ।
रायगढ़ (रायगढ़ अंचल)। दिनांक 05 अगस्त 2022 को संध्या काल में जब जिला अधिवक्ता संघ को यह सूचना मिली कि माननीय चीफ जस्टिस महोदय ने रायगढ़ बार आकर अधिवक्ताओं के साथ कुछ पल व्यतीत करने की इच्छा जताई है संघ की कार्यकारणी के सदस्य अपने अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु तैयारी में जुट गए।

ज़िला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के कक्ष क्रमांक 01 में आयोजित एक सादे किंतु गरिमामय समारोह में सर्वप्रथम सदस्य अधिवक्ताओं ने अपने अतिथि मुख्य न्यायाधिपति तथा रजिस्ट्रार जनरल का संघ के संरक्षक ओ पी बेरीवाल , अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार पटनायक, आई पी शर्मा, कु. खुतिजा खान, बी आर पांडेय, विमला महंत एवम् संघ की महिला उपाध्यक्ष राजश्री अग्रवाल ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अपने प्रेरणादायी एवम् सारगर्भित उदबोधन में मुख्य न्यायाधिपति ने बार और बेंच के संबंधों के महत्व को प्रतिपादित करते हुए आपसी विश्वास को बढ़ा कर न्याय दान की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने का आहवान किया, साथ ही विधि व्यवसाय में अपने शुरुवाती दिनों को याद कर युवा अधिवक्ताओं को यह संदेश देने का प्रयास किया।
अंग्रेजी में प्रस्तुत अपने संबोधन के अंत में कुछ पंक्तियां हिंदी में बोलकर जब माननीय मुख्य न्यायाधिपति ने चुटकी लेते हुए कहा कि अभी इतनी ही सीख पाया हूं, समूचा सदन ठहाके से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता विजय सराफ ने संघ की ओर से आगंतुक अतिथियों का आभार जताया। स्वल्पाहार ग्रहण करने के बाद माननीय मुख्य न्यायाधिपति ने अधिवक्ता कक्ष सहित पुस्तकालय कक्ष का भी अवलोकन कर पुस्तकों के बेहतर रख रखाव के लिए संघ की प्रशंसा की। परिसर भ्रमण के दौरान संघ के अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा द्वारा मुख्य न्यायाधिपति के समक्ष वाहन पार्किंग को व्यवस्थित करने, सर्व सुविधायुक्त अधिवक्ता कैंटिन, अधिवक्ता भवन सहित अधिवक्ता हित की अन्य मांगों को रखा गया जिस पर माननीय मुख्य न्यायाधिपति ने अपने साथ उपस्थित अधिकारी को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इस अल्प कालीन भेंट कार्यक्रम का कुशल संयोजन एवम् संचालन ज़िला अधिवक्ता संघ रायगढ़ के सचिव शरद पांडेय द्वारा किया गया।
