ऑपरेशन अंकुश का बड़ा वार: महिला सटोरिया गिरफ्तार, ₹5,370 नगद सहित सट्टा सामग्री जब्त
1 min read
ऑपरेशन अंकुश का बड़ा वार: महिला सटोरिया गिरफ्तार, ₹5,370 नगद सहित सट्टा सामग्री जब्त
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना साइबर और थाना चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम जामगांव कोलाईबहाल में दबिश देकर महिला सटोरिया को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाजारपारा क्षेत्र में एक महिला रुपए-पैसों का दांव लगवाकर सट्टा पट्टी लिख रही है। सूचना पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी महिला सायजान अली पति असगर अली (42 वर्ष), निवासी कोलाईबहाल को सट्टा गतिविधि संचालित करते हुए पकड़ा।
तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला के कब्जे से ₹5,370 नगद, सट्टा पट्टी, डॉट पेन और मोबाइल फोन बरामद किया। मोबाइल जांच में व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टे के लेन-देन और हिसाब का रिकॉर्ड भी मिला।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत थाना चक्रधरनगर में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ “ऑपरेशन अंकुश” के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।
