August 9, 2026

dainik

RAIGARH ANCHAL

पिता से तंग होकर कलयुगी बेटे ने सिर पर किया प्राणघातक वार, मौतविवाद के दौरान सील-लोढ़ा से सिर पर हमला, आरोपी बेटा गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद

1 min read
Spread the love

पिता से तंग होकर कलयुगी बेटे ने सिर पर किया प्राणघातक वार, मौत
विवाद के दौरान सील-लोढ़ा से सिर पर हमला, आरोपी बेटा गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद


पत्थलगांव/कुनकुरी। कुनकुरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब एक बेटे ने अपने ही पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद पिता बेहोश हो गए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को योगादर सिंह ने कुनकुरी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका चचेरा भाई सूरज सिंह अपने पिता कृष्णा सिंह के साथ मारपीट कर रहा है, जिससे कृष्णा सिंह बेहोश हो गए हैं। सूचना मिलते ही योगादर सिंह मौके पर पहुंचा, जहां कृष्णा सिंह खटिया पर बेहोशी की हालत में पड़े थे। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था, जबकि आरोपी सूरज सिंह मौके पर ही मौजूद था।
परिजन तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल कृष्णा सिंह को शासकीय अस्पताल केरसई ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें कुनकुरी अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में पहले मर्ग कायम कर शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया। घटना तपकरा थाना क्षेत्र की होने के कारण मर्ग डायरी तपकरा पुलिस को भेजी गई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
7 अगस्त को पुलिस ने आरोपी सूरज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता झगड़ालू प्रवृत्ति के थे और आए दिन विवाद करते रहते थे। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आवेश में आकर उसने घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सील-लोढ़ा बरामद कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ऊपर कछार एएसआई भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा सहित आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.