अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार, टिकरापारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
1 min read
अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार, टिकरापारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर में चाकूबाजी पर अंकुश लगाने पुलिस का शिकंजा तेज, घेराबंदी कर हथियार समेत पकड़े गए आरोपी
रायपुर। शहर में बढ़ती चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने रायपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना टिकरापारा पुलिस ने अवैध धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक-एक नग लोहे का धारदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 13 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड भाठागांव स्थित नीलकंठ मंदिर के पास एवं सरजू बांधा तालाब क्षेत्र में दो युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया और तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से धारदार लोहे के चाकू बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शेख मसीहुद्दीन उर्फ बिट्टू पिता से रहीम, उम्र 26 वर्ष, निवासी इस्लाम मोहल्ला सरायपाली, जिला महासमुंद तथा निखिल चंदेल पिता विनोद चंदेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी सुदामा नगर, थाना टिकरापारा रायपुर शामिल हैं।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 630/2026 एवं 631/2026 दर्ज कर धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन श्री संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्री नवनीत पाटिल के निर्देश पर शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के लिए शहर में कोई जगह नहीं है। अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
